पिथौरागढ़ को शिक्षा और कनेक्टिविटी की दो बड़ी सौगात, तीन विद्यालय इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत

DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जिले को शिक्षा और सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। जिले के तीन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने के साथ ही चंडाक-बांस–आंवलाघाट पुल के निर्माण के लिए 15.30 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

तीन विद्यालयों को मिला इंटर का दर्जा

विधानसभा क्षेत्र धारचूला के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जारा जिबली तथा गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोखरी और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिमतड़ का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

विद्यालयों के उच्चीकरण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब स्थानीय स्तर पर ही कक्षा 11वीं और 12वीं की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को इंटर की पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।

आंवलाघाट पुल के लिए 15.30 करोड़ स्वीकृत

चंडाक-बांस–आंवलाघाट पुल के निर्माण के लिए 15.30 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पुल बनने से पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होने के साथ ही क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिले को मिली दोनों सौगातों पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। तीन विद्यालयों के उच्चीकरण से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिलेंगे, जबकि आंवलाघाट पुल की स्वीकृति से पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। दोनों निर्णयों का लाभ जिले के आम नागरिकों को मिलेगा।