DTN चंपावत। उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता और सही मात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने जिले में पेट्रोल पंपों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर पूर्ति विभाग, विधिक माप विज्ञान विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न पेट्रोल पंपों व ईंधन बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान टीम ने पेट्रोल-डीजल में मिलावट, घटतौली, अवैध भंडारण और जमाखोरी की शिकायतों को लेकर पंपों की गहन पड़ताल की। डिस्पेंसिंग यूनिटों की तकनीकी जांच के साथ ईंधन की गुणवत्ता और घनत्व की भी जांच की गई। विधिक माप विज्ञान विभाग ने मापक यंत्रों की प्रमाणिकता और सील की स्थिति देखी।
वहीं पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप परिसरों में सुरक्षा मानकों और शांति व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान पूर्ति निरीक्षक, पुलिस, राजस्व और माप एवं विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
पूर्ति विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और पेट्रोलियम उत्पादों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए औचक निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
