बाइक से छिटककर सड़क पर गिरा मासूम, वाहन की चपेट में आने से मौत

DTN धारचूला। धारचूला में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई। ताऊ के साथ बाइक से घर लौट रहा बच्चा फुलतड़ी के पास अचानक बाइक से छिटककर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से गुजर रहे वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में परिवार का इकलौता बेटा खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार कालिका निवासी ईश्वर सिंह पुत्र भरत सिंह अपने ताऊ कविंद्र सिंह के साथ बाल कटवाने धारचूला आया था। आज सुबह करीब 11 बजे दोनों बाइक से वापस कालिका लौट रहे थे। फुलतड़ी के पास अचानक ईश्वर बाइक से छिटककर सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से गुजर रहे वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक अंबी राम आर्य ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।