पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी राज्य स्थापना दिवस समारोह (05 से 09 नवंबर) की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे अपने सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और सुचारू रूप से निर्वहन सुनिश्चित करें।
रामलीला मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम
मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 05 से 09 नवंबर तक रामलीला मैदान, निकट नगर निगम में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
👉 पदयात्रा: 08 नवंबर को प्रातः 9:30 बजे के.एन. उप्रेती राजकीय इंटर कॉलेज से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पदयात्रा का आयोजन होगा, जो रामलीला मैदान तक पहुंचेगी।
👉 मुख्य समारोह: 09 नवंबर (राज्य स्थापना दिवस – रजत जयंती) के अवसर पर प्रातः 10:30 बजे से मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इन आयोजनों से सजेगा समारोह
समारोह में दीप प्रज्वलन, स्वागत गीत, वंदना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, स्कूल के बच्चों द्वारा पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, क्रॉस कंट्री दौड़, फुटबॉल व वॉलीबॉल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। इसके साथ ही, सड़क सुरक्षा और नशामुक्त भारत अभियान से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम भी शामिल रहेंगे।
राज्य आंदोलनकारियों का होगा सम्मान
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों का जनपद एवं तहसील स्तर पर सम्मान किया जाएगा। उन्हें माल्यार्पण कर नमन किया जाएगा।
व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि:
👉 सुरक्षा व्यवस्था: पुलिस विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
👉 सूचनात्मक स्टॉल: विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी स्थानीय नागरिकों को दी जाएगी।
👉 थीम-आधारित प्रदर्शनी: प्रत्येक दिवस कीवी, ट्राउट फिश, औषधीय पौधे जैसे विषयों पर थीम-आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
स्वास्थ्य शिविर और खेल प्रतियोगिताएं
स्वास्थ्य शिविर: 08 एवं 09 नवंबर को बृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा।
खेल: 07 एवं 09 नवंबर को बालिका वर्ग में फुटबॉल प्रतियोगिता, बॉक्सिंग, वॉलीबॉल एवं अन्य खेल आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

