सड़क हादसों से दहला पिथौरागढ़: नदी में गिरी बाइक, खाई में समाई कार; तीन की दर्दनाक मौत

पिथौरागढ़। जनपद में शनिवार को सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। थल-मुवानी मोटर मार्ग पर चोपड़ा के समीप बाइक के रामगंगा नदी में गिरने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी ओर मुनस्यारी क्षेत्र में एक आर्टिका कार गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

चोपड़ा के पास नदी में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत

जानकारी के अनुसार थल से मुवानी की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल चोपड़ा के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार और तीखे मोड़ के बीच बाइक सड़क से सीधे गहरी खाई में जा गिरी और नीचे बह रही रामगंगा नदी के पत्थरों से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ स्वयं पुलिस बल और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को खाई से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मुनस्यारी में कार खाई में गिरी, एक की मौत

उधर विकासखंड मुनस्यारी के अंतर्गत नाचनी से मुनस्यारी की ओर आ रही आर्टिका कार संख्या UK05 TA 5586 पातलथोरा के हरकोट बैंड के पास अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में छह लोग सवार थे।

हादसे में बला मुनस्यारी निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चंचल सिंह, हरीश सिंह, प्रताप सिंह और ममता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया है। वहीं यमुना देवी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में चल रहा है।

दोनों हादसों के बाद पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चालकों से सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।

परिजनों में मचा कोहराम

एक ही दिन में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत से पूरे पिथौरागढ़ जिले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस दोनों हादसों के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।