धामी सरकार की बड़ी सौगात: ग्रामीण सड़कों, पेयजल, बिजली और मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि के अंतर्गत ग्रामीण निर्माण विभाग की मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत 06 नई ग्रामीण सड़क योजनाओं के लिए 23.86 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित अश्ववंशीय पशुओं के बीमा के लिए 1.05 करोड़ रुपये राज्य आकस्मिकता निधि से मंजूर किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने तामली क्षेत्र में लिफ्ट पेयजल योजना के निर्माण के लिए 14.57 करोड़ रुपये स्वीकृत करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के बनबसा नगर पंचायत में खराब मोटर मार्गों और नालियों के निर्माण के लिए भी 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मुख्य बाजारों में 10 हाई मास्क लाइट लगाने के लिए 29.32 लाख रुपये, विकासखंड दुगड्डा के अंतर्गत महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.69 करोड़ रुपये तथा हरबर्टपुर क्षेत्र में सुरक्षा दीवार और पुलियों के निर्माण के लिए 97.79 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 5.54 करोड़ रुपये की योजना के सापेक्ष 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं यमकेश्वर क्षेत्र के देवीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में 220/33 केवी विद्युत स्टेशन की स्थापना हेतु 150.40 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क और तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये तथा राजा हरूहीत मंदिर, कढ़ोली नगर पंचायत भिकियासैंण के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए 93.36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

दीपक पुंडीर के नाम पर होगा सामुदायिक भवन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरूकुल गांव में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन का नाम पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर के नाम पर रखे जाने को भी मंजूरी दी है। अब इस भवन को “स्वर्गीय दीपक पुंडीर सामुदायिक भवन” के नाम से जाना जाएगा।