पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई दिवस में सड़क, पेयजल, शिक्षा, गैस वितरण, राजस्व और उत्पीड़न से जुड़ी कई शिकायतें प्रशासन के समक्ष पहुंचीं। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने की। उन्होंने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान सिनेमा लाइन निवासी एक विधवा महिला ने भूमि विवाद, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, सीवर कनेक्शन विवाद और वोटर लिस्ट से नाम हटाने के आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि लगातार हो रहे उत्पीड़न से परिवार भय और तनाव में जीवन यापन कर रहा है। मामले को गंभीर मानते हुए शिकायत तत्काल दर्ज कर संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए गए।
राजकीय इंटर कॉलेज लुमती की समस्याएं भी जनसुनवाई में उठीं। ग्रामीणों ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, जर्जर भवनों की मरम्मत, विज्ञान वर्ग संचालन, प्रयोगशाला व्यवस्था, चारदीवारी निर्माण और खेल मैदान सुधार की मांग रखी। बताया गया कि इंटर स्तर की कक्षाएं संचालित होने के बावजूद विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
गोगना-सल्ला मोटर मार्ग के कुसानी क्षेत्र में चार वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि भू-स्खलन और मलबा आने से सड़क जोखिमपूर्ण हो गई है, जिससे करीब दो दर्जन गांवों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में नरेन्द्र प्रसाद ने जुलाई 2025 से लंबित वेतन और मानदेय भुगतान का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि कार्य प्रबंधन ठेकेदार से जल संस्थान को हस्तांतरित होने के बाद से भुगतान नहीं हो पाया है। प्रशासन ने संबंधित विभाग को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम जाख क्षेत्र से बस स्टेशन के समीप गिरी दीवार और जाख-मेलडुगरी मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कबर की मरम्मत की मांग भी उठी। ग्रामीणों ने बरसात में खतरे की आशंका जताई। एडीएम ने संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कनालीछीना क्षेत्र के ग्रामीणों ने दो माह से गैस वितरण न होने की समस्या रखी। ग्रामीणों ने बताया कि फरवरी के बाद गैस वाहन क्षेत्र में नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने संबंधित गैस एजेंसी और विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही।
इसके अलावा बरम कनार, मेतली और मल्ला लुमती मोटर मार्ग के भूमि हस्तांतरण, पेड़ों की गणना और समरेखण कार्यों में तेजी लाने की मांग भी उठी। ग्रामीणों का कहना था कि सर्वे पूरा होने के बावजूद भूमि हस्तांतरण लंबित होने से सड़क निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
ग्राम पंचायत सेल के सल्याड़ी क्षेत्र में सड़क वॉश आउट होने तथा सल्ला-रौतगढ़ मार्ग पर मलबा हटाने और प्रभावित परिवारों के विस्थापन की मांग भी जनसुनवाई में रखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बाधित होने से कई परिवारों को अस्थायी रूप से अन्य स्थानों पर शरण लेनी पड़ रही है। एडीएम ने संबंधित विभागों को शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनसुनवाई के बाद एडीएम ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेते हुए सीएम हेल्पलाइन 1905 में लंबित शिकायतों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को एल-1 स्तर और 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, डीडीओ रमा गोस्वामी, सीएमओ डॉ. एस.एस. नबियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
