बलुवाकोट जनसेवा शिविर में 67 शिकायतें पहुंचीं, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण

DTN धारचूला (पिथौरागढ़)। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत आज विकासखंड धारचूला के बलुवाकोट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सिंचाई, कृषि, राशन कार्ड, मनरेगा, वन एवं दूरसंचार सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़ी 67 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के दूसरे चरण में उन क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां पहले चरण में शिविर आयोजित नहीं हो सके थे।

उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए विकास भवन में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और ग्राम सभाओं की भागीदारी से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य परीक्षण, कृषि एवं उद्यानिकी परामर्श, पशुपालन सेवाएं, बैंकिंग सुविधाएं तथा विद्युत एवं पेयजल संबंधी शिकायतों के निस्तारण सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, उपजिलाधिकारी आशीष जोशी, खंड विकास अधिकारी ललित गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।