सीएमओ की सख्ती: अब बिना अनुमति कोई स्वास्थ्य अधिकारी नहीं देगा मीडिया को बयान

DTN चम्पावत। जनपद चम्पावत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देवेश चौहान ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बिना अनुमति मीडिया में बयान देने पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से संबंधित कोई भी सूचना, टिप्पणी या आधिकारिक अभिमत अब केवल मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अनुमति अथवा उनके माध्यम से ही मीडिया को उपलब्ध कराया जाएगा।

सीएमओ ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि विभिन्न चिकित्सालयों और स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी विभागीय अनियमितताओं और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित मामलों में सीधे प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को बयान दे रहे हैं, जिनका प्रकाशन और प्रसारण भी किया जा रहा है। इसे विभागीय अनुशासन के विपरीत माना गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार भविष्य में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों, सेवाओं तथा जनजागरूकता से संबंधित सभी आधिकारिक जानकारियां केवल मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से ही जारी की जाएंगी।

डॉ. देवेश चौहान ने जनपद के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर से किसी भी प्रकार का बयान, मत या टिप्पणी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत न करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना करने या बिना अनुमति मीडिया से बातचीत करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।