पिथौरागढ़ में बारिश से 18 सड़कें बंद, धारचूला में काली नदी चेतावनी स्तर से महज 10 सेंटीमीटर नीचे

DTN पिथौरागढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। आज सुबह आठ बजे तक जिले में कुल 18 सड़क मार्ग बंद रहे। इनमें तीन बॉर्डर रोड और 15 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। कई मार्गों को खोलने का कार्य चल रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर सड़कें वॉशआउट होने से मार्ग खोलने में समय लग रहा है।

जिले में बीते 24 घंटे के दौरान देवलथल में सर्वाधिक 90 मिमी बारिश दर्ज की गई। धारचूला में 85.8, डीडीहाट में 70.80, थल में 70, तेजम में 56, बंगापानी में 36, बेरीनाग में 20.2, कनालीछीना में 19, मुनस्यारी में 16.4, गणाई गंगोली में 10, पिथौरागढ़ में आठ और गंगोलीहाट में सात मिमी वर्षा हुई। तहसील क्षेत्रों में मौसम हल्की बारिश का बना हुआ है।

धारचूला में काली नदी का जलस्तर 888.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 889 और खतरे का स्तर 890 मीटर है। नदी का जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है। जौलजीबी में गोरी नदी का जलस्तर 604.65 मीटर और मदकोट में गोरी नदी का जलस्तर 1212.40 मीटर दर्ज हुआ। दोनों नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है।

पिथौरागढ़ क्षेत्र के चमगढ़ में सरयू नदी का जलस्तर 448 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 452 मीटर से चार मीटर नीचे है। यहां नदी का जलस्तर घट रहा है। चमगढ़ क्षेत्र में 16.50 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बीआरओ की धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग, तवाघाट-जौलजीबी मोटर मार्ग और मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग बंद हैं। इसके अलावा लोनिवि की मदकोट-बोना, गिनीबैंड-सकोट, ऐंचोली-बढ़ाबे, बढ़ाबे-तोली शिलिंगिया, जौलजीबी-झूलाघाट, कनालीछीना-पीपली, सोबला-उमचिया, होकरा-नामिक, एलागाड़-जुमा, घट्टाबगड़-तांकुल, कालिका-खुमती, छेड़ा-आगर और डीडीहाट- आदीचौरा, हुनेरा समेत अन्य ग्रामीण सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्ग खोलने का कार्य जारी है।