DTN देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सेवामुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कैबिनेट की बैठक में अग्निवीरों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समर्पित ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ की स्थापना का निर्णय लिया गया।

उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा, जहां सेवामुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए समर्पित रोजगार सेल गठित किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय को सेना में सेवा देने वाले युवाओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और जिम्मेदारी की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह सेल सेवामुक्त अग्निवीरों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों और संस्थानों में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य है कि सेना में सेवा के दौरान अर्जित अग्निवीरों के कौशल और अनुभव का बेहतर उपयोग हो तथा सेवामुक्ति के बाद उन्हें रोजगार के लिए भटकना न पड़े। इसके लिए विभिन्न योजनाओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था भी सेल के माध्यम से की जाएगी।
