त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

DTN लोहाघाट। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज लोहाघाट बाजार में मिठाई प्रतिष्ठानों और जनरल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री और रसोई की साफ-सफाई की जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान संदिग्ध एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोया बर्फी, मलाई लड्डू, छुहारा लड्डू, पेड़ा, मैदा और मसालों समेत कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को मानक एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही तैयार करने और बेचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की खरीद अनिवार्य रूप से पक्के बिल पर ही की जाए। साथ ही आगामी पर्वों को देखते हुए खाद्य सामग्री की स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता मानकों की कमी पाई जाती है तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।