मुख्यमंत्री पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं का पुतला फूंका

DTN लोहाघाट। भारतीय जनता पार्टी के लोहाघाट नगर मंडल कार्यकर्ताओं ने आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधायक हरीश धामी के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबंध में दिए गए कथित अमर्यादित बयान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत और जातिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाती है और पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है। उनका आरोप था कि इन्हीं कार्यों से कांग्रेस परेशान होकर मर्यादा की सीमाएं लांघ रही है और अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है तथा ऐसे बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती रहेगी। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।