DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने फुलवारी पहुंचकर सड़क एवं संचार सुविधा समेत क्षेत्र की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रही संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की मांगों के संबंध में जिला प्रशासन की ओर से शासन स्तर पर लगातार प्रभावी पैरवी की जा रही है। संबंधित प्रकरण अग्रिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन क्षेत्र की परिस्थितियों और ग्रामीणों की भावनाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ समझता है।
डीएम ने कहा कि प्रशासन क्षेत्रवासियों की मांगों के साथ खड़ा है और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से सड़क और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों के समाधान के लिए शासन स्तर पर लगातार पैरवी जारी रखी जाएगी।
उन्होंने आंदोलनरत ग्रामीणों से अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं को किसी तरह का कष्ट न दें। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
