DTN पिथौरागढ़। राज्य में प्रस्तावित आपदा प्रबंधन मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर आज आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित हुई। जनपद पिथौरागढ़ में बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की।

बैठक में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए चार संभावित आपदा परिदृश्यों पर चर्चा की गई। इनमें मुनस्यारी के धापा गांव में रॉक फॉल, तवाघाट के राँती पुल के पास भूस्खलन, बारम क्षेत्र में गोरीगंगा नदी से टो इरोजन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने तथा कैलाश मानसरोवर व आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और हिमस्खलन जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मॉक एक्सरसाइज को वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों के अनुरूप गंभीरता से संचालित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को संसाधनों, उपकरणों और मानव बल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
