DTN ओखलकांडा (नैनीताल)। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत विकासखंड ओखलकांडा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र जोस्यूड़ा में आज को पात्र लाभार्थियों को टेक होम राशन (टीएचआर) वितरित किया गया। इस दौरान धात्री (स्तनपान कराने वाली) महिलाओं, किशोरियों एवं शिशुओं के लिए पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा जोशी ने लाभार्थियों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण तथा बच्चों के समुचित पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि टेक होम राशन योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों में कुपोषण की रोकथाम कर उन्हें आवश्यक पोषण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लाभार्थियों से विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार का नियमित रूप से उपयोग करने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में स्थानीय धात्री महिलाओं, किशोरियों एवं शिशुओं के अभिभावकों ने भाग लिया।
